ब्रजघाट। महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए चारों तरफ श्रद्धा के सैलाब उमड़ रहा है। गंगाघाट से लेकर सड़कों पर कांवड़ियों के जत्थे नजर आ रहे हैं। इससे तीर्थनगरी और गंगाघाट का नजारा केसरिया हो गया है। वहीं भक्तों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है।
मंगलवार की सुबह गंगाघाट पर शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। कांवड़ियों की जितनी भीड़ गंगा जल लेकर घाट से मुख्य सड़क की तरफ आ रही थी। उससे कई गुना ज्यादा भीड़ गंगाघाट की तरफ बढ़ रही थी। गंगाजल भरकर कांवड़िया पैदल लौट रहे है, जबकि श्रद्धालु वाहनों से पहुंच रहे थे। श्रद्धालुओं ने गंगाघाट से लगभग एक किमी दूरी पर वाहन खड़े किए। घाट के बाद जब शिवभक्तों की भीड़ सड़क पर उमड़ने लगी मानों केसरिया रंग की रंगोली तैयार हो गई। विधि विधानपूर्वक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा अर्चना की और गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की तरफ बढ़ चले। वहीं, विभिन्न स्थानों पर लगे शिविरों में शिवभक्तों सेवा में लोग जुटे हुए हैं। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को देखने के लिए डीएम प्रेरणा शर्मा, एसपी ज्ञानंजय सिंह, एसडीएम साक्षी शर्मा, सीओ स्तुति सिंह, पालिका अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने गंगानगरी का निरीक्षण किया।
पालिका चेयरमैन राकेश कुमार बजरंगी ने बताया कि शिवभक्तों के लिए पालिका स्तर से शौचालय, पेयजल, रैन बसेरे की व्यवस्था की गई है। सफाईकर्मियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।