हापुड़। तापमान में बढ़ोतरी के साथ मौसम में गर्माहट बढ़ने लगी है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कऱ 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तापमान में बढ़ोतरी होने के साथ ही बादलों की लुकाछिपी जारी रहेगी।
पिछले सप्ताह हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम ठंडा हो गया था। लेकिन अब मौसम का मिजाज फिर से गर्म होने लगा है। मंगलवार सुबह से लेकर शाम तक मौसम साफ रहा और धूप भी खिली रही। जिससे दिन में गर्मी का एहसास हुआ और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं दिन की तपिश के साथ ही रात में भी गर्मी का असर बढ़ा, जिससे न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ.अशोक कुमार का कहना है कि इस सप्ताह बादलों की आवाजाही का अनुमान है। हालांकि इस बीच न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिससे रात्रि में भी गर्माहट का एहसास बढ़ने का अनुमान है।