गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मेरठ मार्ग पर नहर पुल की मरम्मत के लिए किए गए रूट डायवर्जन के दौरान भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है। इसके लिए लगाए गए लोहे के बैरियर को भारी वाहनों ने तोड़ दिया। बैरियर टूटने से भारी वाहन दौड़ रहे है।
गांव दौताई के निकट करीब 40 साल पुराने जर्जर मध्य गंग नहर पुल की मरम्मत की जा रही है। पुल की मरम्मत के लिए हल्के और भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया हुआ है। हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। लेकिन भारी वाहन चालक हल्के वाहनों के मार्ग पर दौड़ रहे हैं, जिसके चलते झड़ीना नहर पुल पर जाम की स्थिति बन रही है। इस समस्या का निस्तारण करने के लिए पुलिस ने शाहपुर रोड के निकट बीच सड़क पर बैरियर लगा दिया था। लेकिन उसको भारी वाहनों के चालकों ने तोड़ दिया है, जिसके बाद अब रोक के बाद भी भारी वाहन खूब दौड़ रहे है, जिससे जाम की स्थिति फिर बन रही है। वहीं एसपी अभिषेक वर्मा ने रूट डायवर्जन मार्ग का निरीक्षण करते हुए शीघ्र ही पुल के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए है।