हापुड़। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण की टीम ने बृहस्पतिवार को रामपुर रोड और चितौली रोड पर हो रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया है। लगभग 38 हजार 300 वर्ग मीटर भूमि पर प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
प्राधिकरण के सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने चितौली रोड पर रजिस्ट्री कार्यालय के निकट आस मोहम्मद, नूर अहमद, गुड्डू व देवेंद्र आढ़ती की 2700 वर्ग मीटर, शहनवाज की 8000 वर्ग मीटर, इमटौरी-चितौली रोड बाईपास से सटे ग्रीन बेल्ट की भूमि को सम्मिलित कर गोपाल कुमार आर्य द्वारा की जा रही 10000 वर्ग मीटर, करीमपुरा रामपुर रोड पर एसटीपी के निकट सलाउद्दीन की 8800 वर्ग मीटर और करीमपुरा-रामपुर रोड पर अशोक त्यागी द्वारा की जा रही 8800 वर्ग मीटर भूमि पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। इनमें से किसी का भी प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत नहीं है।
सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध प्लाटिंग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। टीम ने अन्य स्थानों को भी चिन्हित किया है। उन स्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस बल की मांग की गई है। बिना मानचित्र स्वीकृति के प्राधिकरण क्षेत्र में निर्माण कराने पर सील और जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। बिना मानचित्र के निर्माण कराने से प्राधिकरण को राजस्व का नुकसान होता है। इस दौरान प्रभारी प्रवर्तन प्रवीण गुप्ता, अवर अभियंता महेश चंद उप्रेती और प्राधिकरण का सचल दस्ता मौजूद रहा।