कार लोन के लिए दिए कैंसिल चेक से निकाले दो लाख
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यापारी से कोर लोन कराने के नाम पर लिए गए कैंसिल चेक के जरिए साइबर ठगों ने दो लाख रुपये निकाल लिए। पासबुक में एंट्री कराने के दौरान व्यापारी को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय मोहल्ला चाह डिब्बा निवासी राजीव मित्तल ने बताया कि वह एक कार खरीदने की योजना बना रहे थे। इसी बीच उनके मोबाइल पर एक फोन आया। जिसने बताया कि वह कार खरीदने के लिए लोन कराता है। व्यापारी उसकी बातों में आ गए। इसी दौरान आरोपी द्वारा दी गई मेल आईडी पर पैन कार्ड, आधार कार्ड, आईटीआर और फोटो भेज दिए। इसके बाद आरोपी उनकी दुकान पर आया और लोन कराने की बात कहकर दस्तावेज एवं बैंक खाता संबंधित कैंसिल चेक लेकर चला गया। इसके बाद आरोपी ने व्यापारी को फोन पर बताया कि उनका लोन पास हो गया है, वह 40 दिन के अंदर कभी भी कार खरीद सकते है। बृहस्पतिवार को राजीव मित्तल बैंक में पासबुक की एंट्री कराने के लिए गए। इस दौरान उन्हें पता चला कि कैंसिल चेक के माध्यम से उसके खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए गए है। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि कैसिंल चेक के जरिए धनराशि किस तरह निकाली गई, इसकी जानकारी जब बैंक प्रबंधक से की तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर का कहना है कि पीड़ित व्यापारी की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मामला साइबर क्राइम से जुड़ा होने के कारण रिपोर्ट दर्ज कर मामले को साइबर सेल भेजा जाएगा। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।