रुपये दोगुना करने का लालच देकर वृद्ध से 50 हजार ठगे
पिलखुवा। रकम दोगुना करने का लालच देकर बाइक सवार दो ठगों ने एक वृद्ध से पचास हजार रुपये ठग लिए। शातिरों ने कागज की गड्डी बनाकर उसके ऊपर और नीचे पांच-पांच सै रुपये के नोट लगाकर वृद्ध को गड्डी थमा दी। वृद्ध जबतक गड्डी खोलकर देखता तब तक आरोपी फरार हो गए। यह मामला बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। हालांकि अभी पीड़ित ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
पिलखुवा निवासी एक वृद्ध नगर के एक बैंक में 50 हजार रुपये जमा करने गया था। बैंक के मुख्य गेट पर उसे बाइक सवार दो युवक मिले। युवकों ने उसे बताया कि वह कुछ ही देर में रुपयों को दोगुना कर देते है। वृद्ध उनके झांसे में आ गया और उसने 50 हजार रुपये की गड्डी युवकों को दे दी। युवकों ने रुपयों को एक बैग में डाला और कुछ देर बाद ही उन्होंने बैग से दो गड्डी निकाली। दोनों गड्डी पर टेप लगी हुई थी। ऊपर और नीचे पांच-पांच सौ के नोट थे। वृद्ध को एक लाख रुपये बताते हुए बाइक सवार वहां से रफूचक्कर हो गए। वृद्ध बैंक में रुपये जमा करने पहुंचा और जैसे ही उसने गड्डी की टेप हटाकर देखा उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर का कहना है कि वृद्ध की शिकायत पर बैंक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जिसमें बाइक सवार दोनों शातिर कैद है। पीड़ित ने केवल मौखिक शिकायत की थी। तहरीर लाने की बात कहकर वृद्ध थाने से चला गया है। इसके बाद लौट कर नहीं आया है।