मुठभेड़ में 15 हजार के दो इनामी बदमाश पकड़े
पिलखुवा। कोतवाली पुलिस और जिले की एसओजी टीम ने बुधवार रात मुठभेड़ के बाद 15-15 हजार के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम मेरठ के थाना नौचंदी निवासी नदीम और गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र डासना निवासी दानिश हैं। बदमाशों के तीन साथी फरार हो गए। पकड़े गए बदमाशों के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।
सीओ पिलखुवा डा. तेजवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि गांव गालंद रोड पर पांच बदमाश गोकशी के लिए खड़े हैं। इस पर जिले की एसओजी और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बदमाशों की घेराबंदी करनी शुरू कर दी। पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से मेरठ के थाना नौचंदी निवासी नदीम एवं गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र के डासना निवासी दानिश घायल हो गए। जबकि तीन बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। सीओ ने बताया कि फरार तीनों आरोपी जनपद बुलंदशहर के हैं। उन्होंने बताया कि बदमाशों पर 15-15 हजार रुपये का इनामी घोषित है। उन्होंने बताया कि आरोपी निराश्रित पशुओं को काटकर मांस बेच देते थे और खराब अवशेषों को गांव खेड़ा के रजवाहे में फेंक देते थे। काफी दिनों से पुलिस ने को इनकी तलाश थी।