करनपुर जट्ट मेें मिला शव
धौलाना। धौलाना-करनपुर मार्ग स्थित गैस गोदाम के निकट रविवार सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
गौतमबुद्धनगर के थाना जारचा क्षेत्र के गांव ऊंचा अमीरपुर एनटीपीसी निवासी ताहिर पुत्र याकूब निवासी कारपेंटर का काम करता था। उसकी धौलाना क्षेत्र के ग्राम करणपुर जट में ससुराल है। ससुराल में साला नहीं होने से वह करीब 12 वर्ष से अपनी पत्नी शबनम और तीन बच्चों के साथ घर जमाई के रूप में वही रह रहा था। तीन दिन पूर्व वह अपनी पत्नी को दिल्ली जाने की बात कहकर घर से गया था। शबनम ने बताया कि शनिवार दोपहर उसकी बात ताहिर से फोन पर हुई थी और वह शाम तक घर आने के लिए बोल रहे थे, लेकिन वह नहीं लौटे। रविवार सुबह लगभग आठ बजे उन्हें सूचना मिली कि पति का शव गांव के मार्ग पर झाड़ियों में पड़ा हुआ है। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी डॉ. तेजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि शव को देखने से लगता है कि उसकी हत्या शनिवार की रात ही हुई है। मृतक की आंख के पास गुम चोट के निशान थे। शव की शिनाख्त होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक के चाचा दीन मोहम्मद ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें सूचना मिली की उनके भतीजे ताहिर का शव मिला है। सूचना मिलते ही वह करनपुर जट्ट पहुंचे। ताहिर की पत्नी शबनम के साथ अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि मृतक के फोन की सीडीआर निकलवा कर हत्या की गुत्थी सुलझाने की कवायद की जा रही है।