कंपनी में निवेश के नाम पर 15 लाख हड़पे
गढ़मुक्तेश्वर। गांव चांदनेर में फाइनेंस कंपनी में रुपये निवेश कराकर 18 माह में दोगुना करने का लालच देकर एजेंटों ने दंपती से 18 लाख से अधिक की नकदी हड़प ली। वहीं अन्य लोगों से भी ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित पक्ष ने एसपी के निर्देश पर दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव चांदनेर निवासी अमृत सिंह ने एसपी के निर्देश पर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि गांव के ही रहने वाले संजीव कुमार और सुनील करीब दो साल पहले उसे मिले। जिन्होंने बताया कि वह निफ्टेक ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उक्त फाइनेंस कंपनी में रुपये निवेश करने पर कंपनी संचालकों द्वारा 18 माह में दोगुना कर लौटाया जाता है। दोनों आरोपियों ने कंपनी में रुपये निवेश करने पर रिटर्न की गारंटी ली। जिसके चलते वह आरोपियों के झांसे में आ गया। पीड़ित ने बताया कि 18 जुलाई 2019 को उसने अपनी पत्नी के केसीसी खाते पर लोन लेकर एक लाख रुपये उसके बाद 1 लाख 45 हजार रुपये आरोपियों के दे दिए। इतना ही नहीं फसल व बेचकर और परिचितों से उधार लेकर भी उसने फाइनेंस कंपनी में खाता खुलवा लिया। जिसमें 18 लाख रुपये से अधिक जमा कर दिए। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी आरोपियों ने उनके रुपये नहीं लौटाए। तकादा करने पर आरोपियों ने रुपये लौटाने से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि उसके अलावा आरोपियों ने गांव के ही राजपाल और लोकेश की रकम भी हड़प ली है। इस संबंध में थाने में तहरीर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके चलते उसने सीएम पोर्टल, आईजी और एसपी के यहां शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
सीओ पवन कुमार का कहना है कि ग्लोबल निफ्टेक कंपनी के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। कंपनी के निदेशकों के आवास और कार्यालय की कुर्की की प्रक्रिया कराई जा चुकी है। एसपी के निर्देश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अमानत में ख्यानत, धोखाधड़ी, मारपीट व प्राइज चीट्स एंड मनी सरकुलेशन स्कीम एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।