जर्जर सड़क के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : PILAKHWA
खेड़ा में सड़क निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
पिलखुवा। विकास खंड धौलाना क्षेत्र के गांव खेड़ा का मार्ग जर्जर अवस्था में पड़ा हैं। यह मार्ग खेड़ा को कई गांवों से जोड़ता हैं। इन दिनों बरसात का मौसम चल रहा है। पिछले कई दिनों से रोजाना बारिश हो रही हैं। मार्ग का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में रोष हैं। इसी के चलते ग्रामीणों ने सोमवार को एकत्र होकर पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं होने पर तहसील घेराव की चेतावनी दी हैं।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि कई सालों से गांव में उक्त मार्ग का निर्माण कार्य नहीं किया गया हैं। जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बरसात में यह सड़क और भी खराब हो गई है। जिससे आवागमन में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मार्ग का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ रोष हैं। इस मार्ग पर नाली निर्माण नहीं होने से लोगों के घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस बाबत कई बार लिखित रूप में शिकायत दी जा चुकी हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई। प्रदर्शन करने वालों में तेजवीर सिंह तोमर, मुकेश तोमर, अन्नू तोमर, मोनू तोमर, रामवीर तोमर, मोनू, नरेंद्र, कृष्णपाल तोमर समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
मार्ग निर्माण के लिए ग्रामीणों द्वारा शिकायती पत्र देने का मामला सज्ञान में नहीं हैं। शीघ्र ही पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से बात कर कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सड़क की मरम्मत कराने का कार्य करा दिया जाएगा।
- विजयवर्धन सिंह, एसडीएम धौलाना हापुड़।