पुलिस गिरफ्त में धीरज हत्याकांड के आरोपी।
- फोटो : PILAKHWA
शराब पीने के दौरान हुए विवाद में हुई थी भोला की हत्या
पिलखुवा। पुलिस ने धीरज उर्फ भोला हत्याकांड में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद के चलते धीरज की हत्या करने का अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों के कब्जे से शराब व पानी की बोतल, हत्या में प्रयुक्त कार एवं मृतक के कपड़े बरामद कर जेल भेजा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि गत रविवार की दोपहर रमपुरा निवासी धीरज उर्फ भोला को इसी मोहल्ला निवासी दीपक माहिया और छीपीबाडा निवासी सौरभ सैनी दावत में चलने की बात कहकर घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद धीरज, सौरभ, दीपक, गांव खेड़ा निवासी पूर्व प्रधान अरुण गिरी और सुंदर गिरी ने शहर स्थित खेड़ा गेट के पास स्थित मोडलशॉप में बैठकर शराब पी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर पांचों में विवाद हो गया। इसी के चलते नलकूप पर स्नान करने के बहाने ले जाकर उक्त चारों ने धीरज को पानी में डुबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद दीपक और सौरभ ने शव छुपाने के लिए रजवाहा में फेंक दिया। जिसे गत मंगलवार को धौलाना क्षेत्र स्थित रजवाहा से बरामद किया गया था। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई राकेश की तहरीर पर तीन नामजद समेत चार के खिलाफ एससीएसटी एक्ट एवं हत्या के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर, पुलिस ने आरोपी दीपक, सौरभ, अरुण और सुंदर को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद के चलते हत्या करने का अपराध स्वीकार किया है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को जेल भेजा गया है।