बिना पंजीकरण नहीं मिलेगा किसान सम्मान
हापुड़। 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित होने वाले किसान सम्मान दिवस में उन्हीं किसानों को शामिल होने का मौका मिलेगा, जो दस रुपये का शुल्क जमा कर अपना पंजीकरण करा लेंगे। 31 अगस्त तक पंजीकरण कराए जा सकेंगे।
खेती किसानी से जुड़े किसानों को इस दिन का बेसब्री से इंतजार रहता है। क्योंकि जिला स्तरीय मंच पर उन्हें सम्मानित होने का मौका मिलता है। कई बार किसान अच्छी उपज तैयार करने के बावजूद उनका नाम सूची में नहीं होने का आरोप भी लगाते हैं। इस तरह की समस्या न बने, इसके लिए विभाग ने जागरूकता के कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं।
मंच पर सम्मानित होने से पहले किसानों को अपना आवेदन कृषि विभाग में करना होगा। धान, उर्द, मूंग, अरहर के लिए पंजीकरण 31 अगस्त तक किए जा सकेंगे। इस पंजीकरण के बाद ही किसानों के खेतों पर उपज का आंकलन किया जाएगा। इसमें जिला और राज्य स्तर पर किसानों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान दिए जाएंगे।
शासन से योजना को लागू कर दिया गया है, हर ब्लॉक पर इसके लिए कैंप भी लगेंगे। इच्छुक किसान उप संभागीय कृषि प्रसार भवन में भी आकर आवेदन कर सकते हैं।
कोट-
किसान दस रुपये के शुल्क के साथ आवेदन करें, बिना पंजीकरण योजना में शामिल नहीं किया जा सकेगा। 31 अगस्त तक पंजीकरण किए जा सकते हैं। - डॉ.वीबी द्विवेदी, उप कृषि निदेशक।