शनिवार को मेरठ रोड स्थित बर्तन फैक्ट्री में जाँच करने पहुची वाणिज्य कर विभाग की टीम । संवाद
- फोटो : HAPUR
बर्तन कारोबारी के यहां एसआईबी टीम का छापा, टैक्स चोरी पकड़ी
हापुड़। गाजियाबाद से आई जीएसटी विभाग से जुड़े विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने शनिवार दोपहर मेरठ रोड अशोक कालोनी निवासी बर्तन व्यापारी टीनू जैन के घर और फैक्टरी पर छापा मारा। टीनू जैन की मधुबन कालोनी में एल्यूमीनियम के बर्तन बनाने की फैक्टरी है। जांच में 22 लाख रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी गई है। देर शाम तक अधिकारियों द्वारा जांच जारी थी।
एसआईबी में ज्वाइंट कमिश्नर संजय कुमार मिश्रा और डिप्टी कमिश्नर रमेश सिंह बैश के नेतृत्व में दस सदस्यीय टीम अचानक शनिवार दोपहर कारोबारी के घर और फैक्टरी पर एक साथ पहुंची। इस दौरान टीम के साथ स्थानीय पुलिस भी थी। टीम ने फैक्टरी और घर को खंगालकर सभी दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया। इस दौरान फैक्टरी मालिक के बाहर होने पर उन्हें बुलाकर पूछताछ शुरू की गई।
डिप्टी कमिश्नर रमेश सिंह बैश ने बताया कि शिकायत मिली थी कि पिछले कुछ वर्षों से खरीद-फरोख्त से लेकर बिलों के माध्यम से टैक्स चोरी की जा रही है। काफी दिनों से टीम द्वारा कारोबारी की निगरानी की जा रही थी। अभी तक की जांच में कुछ खामियां मिली हैं। फैक्टरी के गोदाम में करीब 88 लाख रुपये का माल आउट आफ स्टॉक बरामद हुआ है, जिसे जीएसटी पोर्टल पर पंजीकृत नहीं कराया गया था। ऐसे में लाखों रुपये की टैक्स चोरी पाई गई है। जिस पर करीब 22 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा, अभी इसका आंकलन किया जा रहा है। इसके अलावा दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
कार्रवाई से दूसरे कारोबारियों की धड़कनें बढ़ीं
कारोबारियों के यहां लग रहे छापों से धड़कनें बढ़ी गई हैं। कोरोना काल के बाद अब इस प्रकार की कार्रवाई बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले ही तेल कारोबारी के यहां आयकर विभाग की टीम ने सबसे लंबी कार्रवाई की थी। जिसमें करोड़ों रुपयों का कालाधन मिलने की चर्चाएं हैं।
शनिवार को मेरठ रोड स्थित बर्तन फैक्ट्री में जाँच करने पहुची वाणिज्य कर विभाग की टीम । संवाद- फोटो : HAPUR