आशु जाट पर चलेगा गैंगस्टर का मुकदमा
हापुड़। दो अलग-अलग न्यायालय ने अपराधी आशु जाट उर्फ प्रवीण के खिलाफ गैंगस्टर व एक अन्य मुकदमे में आरोपों को विचार योग्य माना है। हालांकि विडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा न्यायालय के समक्ष पेश होकर आरोपी ने सभी आरोपों का विरोध किया।
सहायक अभियोजन अधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने बताया कि गांव काजीपुर थाना मसूरी निवासी आशु जाट के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा के दौरान सिपाही की पिस्टल छीनने व भागने के आरोप में विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी, जिसकी चार्जशीट न्यायालय में पेश की गई थी, जिसमें पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे में लगाई गई धाराओं पर सुनवाई करने के बाद सोमवार को सभी आरोप विचार करने योग्य माने। इसके अलावा धौलाना पुलिस ने कुख्यात अपराधी आशु जाट पर गैंगस्टर लगाने के लिए मुकदमा दर्ज किया था। जिसको लेकर
एडीजे/गैंगस्टर कोर्ट ने आरोपी आशु जाट पर गैंगस्टर के आरोप विचार करने योग्य माने हैं। अब आशु जाट पर गैंगस्टर सहित दोनों मुकदमे न्यायालय में चलेंगे।