गांव दौताई में दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग दोनों पक्षों से दो युवक घायल
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव दौताई में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई। इसमें दोनों पक्षों के दो युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए हापुड़ अस्पताल भेजा, वही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल को तैनात किया।
जानकारी के अनुसार जीशान ने करीब डेढ़ माह पूर्व मोहल्ले के चार व्यक्ति पर मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसको लेकर दूसरे पक्ष के छोटे समेत अन्य लोग रंजिश मान रहे थे। जिसको लेकर रविवार को छोटे अपने साथ कुछ व्यक्तियों को लेकर जीशान के घर में घुस गया और गाली गलौज करते हुए घर में आग लगा दी। विरोध करने पर छोटे अपने साथियों के साथ मारपीट पर उतारू हो गया, इसी बीच दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी, जिससे छोटे को गोली लग गई, वही फायरिंग के बीच किन्ही कारणों से जीशान भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में देख हापुड़ अस्पताल के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच करीब डेढ़ माह से आपसी कहासुनी को लेकर विवाद चलता आ रहा था, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर ने बताया कि घायल जीशान और छोटे को उपचार के लिए हापुड़ अस्पताल भेज दिया है, वही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।