गंगानगरी ब्रजघाट में पार्किंग के नाम पर वसूली जा रही एंट्री फीस
गढ़मुक्तेश्वर। गंगानगरी ब्रजघाट में वाहन पार्किंग के नाम पर अवैध तरीके से एंट्री फीस वसूली जा रही है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। निर्धारित रेट से अधिक वसूली करने वालों पर कोई कार्रवाई न होने से गंगानगरी के स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है।
गंगानगरी ब्रजघाट में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े करने के लिए पार्किंग बनी हुई है। जिसके संचालन के लिए प्रति वर्ष पालिका परिषद द्वारा टेंडर निकाला जाता है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ठेकेदार के कर्मी ब्रजघाट में आने वाले बाहरी लोगों से पार्किंग शुल्क वसूलते हैं।
बता दें कि पालिका द्वारा वाहनों की पार्किंग के लिए हाईवे किनारे बनाया गया पार्किंग स्थल और श्मशान घाट के पास स्थित रामलीला ग्राउंड की भूमि निर्धारित की गई है। लेकिन पार्किंग ठेकेदार के कर्मियों द्वारा फव्वारा चौक, गंगा के स्नानघाट, मुख्य बाजार, पलवाड़ा रोड समेत अन्य स्थानों पर खड़े वाहनों से भी पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। वहीं पालिका द्वारा सामान्य दिनों में 35 और अमावस्या, पूर्णिमा समेत अन्य अवसरों के लिए 53 रुपये का पार्किंग शुल्क निर्धारित किया हुआ है। जबकि कर्मियों द्वारा वाहन स्वामियों से 53 रुपये शुल्क वसूला जा रहा है। जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
फव्वारा और शिवचौक, पलवाड़ा रोड को भी बनाया पार्किंग
ब्रजघाट के स्थानीय लोगों का कहना है कि पैदल चलने की जगहों पर भी ठेकेदार द्वारा वाहन खड़े करा दिए जाते हैं, जिससे गंगानगरी में जाम की स्थिति बनती है। फव्वारा चौक, शिवचौक, गंगा तट और पलवाड़ा रोड को भी पार्किंग की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पालिका द्वारा ठेला-पटरी वालों द्वारा किया गया अतिक्रमण तो हटवा दिया जाता है, लेकिन अवैध रूप से की जा रही पार्किंग के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। जिससे वाहन चोरी होने की संभावना भी बनी रहती है।
जांच कर होगी कार्रवाई
इस संबंध में अभी तक कोई जानकारी नहीं है, यदि निर्धारित रेट से अधिक वसूली व एंट्री फीस वसूली जा रही है, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- संजीवनराम यादव, पालिका ईओ