पालतू कुत्तों का नगर पालिका में करना होगा पंजीकरण
- सड़क पर गंदगी फैलाने पर पालकों पर लगाया जाएगा जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। कुत्ता पालने वालों को अब नगर पालिका में पंजीकरण कराना होगा। यहीं नहीं सड़कों या फुटपाथों पर पालतू कुत्ते द्वारा गंदगी फैलाई गई तो उसके मालिक से जुर्माना भी वसूला जाएगा। इस संबंध में शासन ने नगर पालिका को निर्देश जारी दिए हैं। इसके अलावा सड़कों या फुटपाथों पर गाय-भैंस या अन्य पालतू जानवरों को बांधने और नाली में गोबर बहाने के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
नगर पालिका के ईओ एसके गौतम ने बताया कि जिनके यहां भी पालतू कुत्ते हैं वो अपना पशुधन विभाग में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से करा लें। सार्वजनिक स्थलों, रोड, पटरी पर कुत्तों द्वारा गंदगी फैलाने पर संबंधित के विरुद्ध जुर्माने का साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पालिका की सीमा क्षेत्र में कोई पशु रोड पटरी पर बंधा हुआ, सड़कों व गलियों में घूमता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इन पशुओं के गोबर रास्ते, सड़कों, नाली, व नालों में बहता हुआ मिला तो संबंधित के खिलाफ चालान व कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।