20 लाख रुपये के गांजे के साथ छह तस्कर पकड़े
हापुड़। थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने बुधवार रात गांजा तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग वाहनों में फलों की कैरेट में छिपाकर उड़ीसा से गांजा लाते थे और प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे। गिरोह में शामिल एक आरोपी फौजी बनकर खाकी को चकमा देता था। इनके पास से करीब 20 लाख रुपये की कीमत का दो क्विंटल गांजा, 20 हजार रुपये, सात मोबाइल फोन और गांजा तस्करी में प्रयुक्त कैंटर भी बरामद हुआ है।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि बुधवार रात थाना बहादुरगढ़ प्रभारी आशीष कुमार और एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सूचना पर अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के छह सदस्य कैंटर में गांजे की खेप लेकर गांव वैठ मार्ग की तरफ आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने डहरा कुटी के निकट बैरिकेडिंग कर चेकिंग शुरू कर दी। एक कैंटर को रोकने पर इसमें सवार तस्करों ने मौके से फरार होने का प्रयास किया। लेकिन, पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से छह कट्टों में भरा हुआ करीब दो क्विंटल गांजा बरामद हुआ। जांच के दौरान पता चला कि अंतरराज्यीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। आरोपी निवासी जिला बुलंदशहर के थाना स्याना क्षेत्र के मोहल्ला पट्टी हुलासराय और हाल निवासी जिला मेरठ के थाना गंगानगर क्षेत्र के शिव मंदिर ग्रीन पार्क निवासी दीपक चौहान, जिला गाजियाबाद के थाना लोनी क्षेत्र के शांति नगर निवासी ईश्वर सिंह, बेहटा हाजीपुर निवासी सोनू, दिनेश, जिला अलीगढ़ के थाना खैर क्षेत्र के मोहल्ला खैर निवासी उमेश और जिला कासगंज के थाना कासगंज क्षेत्र के गांव क्यामपुर बहेड़िया निवासी राहुल हैं।
आरोपी प्रदेश के विभिन्न जिलों में महंगे दाम पर गांजा बेच देते थे। उमेश फौजी बनकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास करता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसी गिरोह से जुड़े सदस्यों को धौलाना पुलिस ने 15 मई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश भी कर रही है।