प्रॉपर्टी डीलर की कार से 2.25 लाख चुराने वाले दो बदमाश पकड़े
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित एचपीडीए कार्यालय के पास खड़ी प्रॉपर्टी डीलर की कार का शीशा तोड़कर 2.25 लाख रुपये ले जाने वाले दोनों शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से ताल्लुक रखते हैं और विभिन्न जिलों में दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इनके पास से पुलिस ने 1.12 लाख रुपये, दो बाइक, दो मोबाइल फोन दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी दीपक भूकर ने बताया कि मोहल्ला इंद्रलोक कालोनी निवासी हेमराज त्यागी प्रॉपर्टी डीलर हैं। 28 अप्रैल की दोपहर वे कार में सवार होकर किसी काम से एचपीडीए कार्यालय में गए थे। कार में मौजूद बैग में 2.25 लाख रुपये, बैंक चेक बुक और अन्य दस्तावेज रखे थे। कार को कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने खड़ी कर वह अंदर चले गए। इस दौरान कार का शीशा तोड़कर चोरों ने बैग चोरी कर लिया और फरार हो गए थे।
वारदात के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस और एसओजी को लगाया गया था। बृहस्पतिवार दोपहर सूचना के आधार पर टीम ने दोनों को निजामपुर बाईपास के पास से पकड़ लिया। इनकी पहचान जिला मुरादाबाद के थाना मंझौला क्षेत्र के कालोनी खुशहालपुर सुनील और संजय के रूप में हुई।
दूसरों जिलों में की लूट और चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न जनपदों में लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। सुनील के खिलाफ जिला कन्नौज, फतेहगढ़, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, सहारनपुर और हरदोई के थानों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिरोजाबाद, सहारनपुर और हरदोई जिले की पुलिस ने सुनील के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की थी। वहीं संजय के खिलाफ भी जिला कन्नौज, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, फिरोजाबाद, और बागपत के थानों में 15 मुकदमे दर्ज हैं।
बैंकों के बाहर करते थे रैकी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लगातार एक जिले से दूसरे जिले में घूमते रहते थे। बैंकों के बाहर वे घूमते रहते थे और ऐसे लोगों को चिन्हित करते थे जो बैंकों से रुपये निकालने के लिए आते थे। इसके बाद मौका पाकर या तो रुपयों छीन लेते या उन्हें चोरी कर लेते थे।