गले में दर्द, जांच में कोरोना संक्रमित मिला युवक
हापुड़। गले में दर्द, खराश इन दिनों कोरोना संक्रमण के लक्षण बने हैं। हापुड़ के एक मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है, उसके गले में दर्द था, एक दिन बुखार भी रहा। सीएमओ के आदेश पर मरीज को होम आइसोलेट कराया है, जहां उसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
जिले के लोग कोरोना की तीन लहर झेल चुके हैं, अब फिर से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच का दायरा भी डेढ़ गुना तक बढ़ा दिया है। बुधवार को गढ़ रोड सीएचसी पर आरटीपीसीआर जांच में एक 30 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला।
मरीज को वार्ड में भर्ती करके उसके स्वास्थ्य की जांच की गई। मरीज को एक दिन तक हल्का बुखार रहा, जो सामान्य दवाओं से ही ठीक हो गया। इसके बाद सीएमओ की संस्तुति पर मरीज को होम आइसोलेट करा दिया गया। बताया गया है कि मरीज के गले में दर्द था, जिसके चलते ही उसने कोरोना की जांच कराई थी। संक्रमण का स्वरूप ओमिक्रोन ही बताया जा रहा है, हालांकि इसकी जांच नहीं हो सकी है।
जिले में अब कोरोना का एक सक्रिय केस हो गया है, दस दिन से जिला कोरोना मुक्त था। शासन द्वारा जिले में मास्क की अनिवार्यता की गई है, लेकिन अभी भी लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है।
कोरोना संक्रमण और जांच की स्थिति
कुल जांच---960981
कुल मरीज---14942
स्वस्थ मरीज--14718
सक्रिय मरीज--01
कुल मौत----223
कोट-
कोरोना संक्रमित मरीज की निगरानी कराई जा रही है। मरीज की हालत सामान्य है, दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें, ताकि संक्रमण न फैले।--डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।