बिजली चोरी पकड़ी तो फौजी ने दी छेड़छाड़ में मुकदमा लिखवाने की धमकी
हापुड़। मोदीनगर रोड बिजलीघर से जुड़े मोहल्ला जय विहार में एक फौजी के घर में बिजली चोरी पकड़ी गई। उर्जा निगम की टीम कार्रवाई करती इससे पहले ही फौजी ने जेई को फोन कर कार्रवाई न करने का दबाव बनाया। आरोप है कि जेई के इनकार करने पर फौजी ने छेड़छाड़ का मुकदमा लिखवाने की धमकी दे डाली। जेई ने एसडीओ को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद थाने में तहरीर दी गई है।
बिजली चोरी रोकने का अभियान तेजी से चल रहा है। जय विहार में दिन निकलते ही ऊर्जा निगम की टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान कई घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। एक फौजी के घर भी बिजली की चोरी हो रही थी, उसका नाम भी जेई ने लिख लिया।
जेई योगेंद्र कुमार ने बताया कि फौजी ने उस पर कार्रवाई न करने का दबाव बनाया। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आ जाने की बात कहने पर फौजी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं बिजली चोरी का मुकदमा लिखवाने पर जेई को छेड़छाड़ के मामले में अंदर कराने की भी धमकी दे डाली। पूरा ऑडियो फोन में कैद हो गया, इसकी जानकारी जेई ने एसडीओ को दी।
एसडीओ राजवीर सिंह ने बताया कि बिजली चोरी के दौरान इस तरह परेशान किया जा रहा है। फोन पर धमकी देने वाले के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।