जिले में चार मई को होंगे अंडर-19 क्रिकेट के ट्रॉयल
हापुड़। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ द्वारा अंडर-19 के क्रिकेट ट्रॉयल की तिथि घोषित कर दी है। जनपद में चार मई को जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में अंडर-19 के ट्रॉयल होंगे।
बृहस्पतिवार को हापुड़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन और बुलंदशहर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों की संयुक्त प्रेसवार्ता जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में हुआ। जिसमें बुलंदशहर क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अमरीश गुप्ता ने बताया कि क्रिकेट के ट्रॉयल के लिए जनपद हापुड़ को बुलंदशहर से संबद्ध किया गया है। इसमें बुलंदशहर को मंडल बनाया गया है। जिसके तहत हापुड़ और गौतमबुद्धनगर इसमें शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जनपद में क्रिकेट के ट्रॉयल और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के लिए हापुड़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन को स्वीकृति दी गई है। जिसके अध्यक्ष डॉ. विपिन गुप्ता हैं। जिले में अंडर-14, 16, 19 और 23 और रणजी के ट्रॉयल भी जनपद में ही होंगे। सबसे पहले चार मई को जिले के जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के क्रिकेट मैदान पर अंडर-19 के लिए ट्रॉयल किया जाएगा। सुबह आठ बजे तक खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की मूल प्रति के साथ उपस्थित होना होगा। ट्रॉयल के दौरान जिले के 20 बेहतर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन सभी के मैच बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर की टीम से लीग मैच होंगे। जिसके बाद बेहतर खिलाड़ियों का चयन कर, गाजियाबाद जोन के लिए खेलेंगे।
जिला हापुड़ क्रिकेट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डाक्टर विपिन गुप्ता ने बताया कि ट्रॉयल के दिन खिलाड़ी अपनी किट लेकर आएंगे। खिलाड़ी सफेद रंग की किट में ही आएंगे। बुलंदशहर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अंशुल मित्तल ने बताया कि अंडर-19 के ट्रॉयल के बाद अंडर-14 और 16 के ट्रायल होंगे। इसमें अंडर-14 के ट्रॉयल प्रीत विहार स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में होंगे। दोनों ही स्कूलों के खेल के मैदान का निरीक्षण कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि कुछ एसोसिएशन जनपद में लीग मैच/टूर्नामेंट करा रही हैं। इनका उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से कोई संबद्ध नहीं है। जिले में केवल हापुड़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन को ही क्रिकेट ट्रायल आयोजित कराने की स्वीकृति दी गई है। अन्य आयु वर्ग के लिए जल्द ही ट्रॉयल की तिथि घोषित कर दी जाएगी। इस अवसर पर बुलंदशहर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश गुप्ता, संरक्षक रामकुमार त्यागी, संरक्षक डॉ.सुदर्शन त्यागी, रविंद्र गुर्जर, आयुष सिंघल, शाकुल शर्मा आदि मौजूद रहे।