रैगिंग मामला : पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले, डॉक्टरों और गार्डों से की पूछताछ
पिलखुवा। अनवरपुर स्थित सरस्वती मेडिकल कॉलेज की महिला इंटर्न डॉक्टर के साथ रैगिंग कर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य संकलन करने में जुटी है। हाईप्रोफाइल मामला होने के कारण पुलिस हकीकत जानने के लिए घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ पीजी में रहने वाले चिकित्सकों, गार्ड और अन्य कर्मियों से पूछताछ कर रही है।
झारखंड के रांची निवासी एक युवती सरस्वती मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह कॉलेज के बाहर पीजी में रहकर कॉलेज अस्पताल में इंटर्नशिप कर रही है। उसके द्वारा थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि पांच माह से सीनियर डॉक्टर अनु सिहाग और जूनियर डॉक्टर अंकिता चौधरी, डा. मोहित अग्रवाल, डा. नवनीत त्यागी और सार्थक उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। इसी क्रम में गत 26 अप्रैल को पांचों आरोपियों ने उस पर शराब पीने का दबाव बनाया और इनकार करने पर कपड़े फाड़े व मारपीट कर घायल कर दिया था। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर ने बताया कि शुरुआती जांच में रैगिंग का मामला झूठा पाया गया है, पीड़िता और आरोपी सभी अच्छे साथी हैं। पीजी कमरा में किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई थी, शराब के नशे और खींचतान में कपड़ा फट जाना और गिरकर चोटिल होने का मामला है। पुलिस जांच कर रही है, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।