447 छात्रों ने दी विद्या ज्ञान स्कूल की प्रवेश परीक्षा
हापुड़। मेरठ रोड स्थित दीवान इंटर कॉलेज में बने केंद्र पर दो पालियों में रविवार को 447 छात्रों ने विद्या ज्ञान स्कूल में प्रवेश परीक्षा दी। 352 छात्र अनुपस्थित रहे, दो घंटे की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों के चेहरे खुशी से खिले थे। परीक्षा में पाठ्यक्रम के साथ साथ सामान्य ज्ञान और रिजनिंग के भी सवाल पूछे गए।
विद्याज्ञान स्कूल की परीक्षा प्रदेश स्तरीय होती है, पूरे प्रदेश में विद्या ज्ञान के सिर्फ दो स्कूल हैं जो सीतापुर और सिकंदराबाद बुलंदशहर में स्थित हैं। इन विद्यालयों में गरीब परिवार के बच्चों को प्रवेश दिलाया जाता है, इंटरमीडिएट तक की शिक्षा निशुल्क होती है, छात्रों को आवासीय सुविधा भी मिलती है।
बीते दिनों विद्यालय द्वारा प्रवेश परीक्षा के फार्म जारी किए थे। हापुड़ से 799 छात्रों ने आवेदन किया था, रविवार को परीक्षा आयोजित करायी गई। पहली पाली सुबह साढ़े दस बजे से साढ़े 12 बजे तक चली। इस पाली में कक्षा स्तर के लिए 290 बालिकाओं में 137 बालिकाएं उपस्थित रहीं। जबकि सातवीं के लिए 143 बालिकाओं के सापेक्ष 102 ही परीक्षा में बैठी।
दूसरी पाली दोपहर ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक चली। इसमें कक्षा छठी के लिए 255 बालकों के सापेक्ष 128 उपस्थित रहे, वहीं कक्षा सातवीं के लिए 111 बालकों के सापेक्ष सिर्फ 80 उपस्थित रहे। बता दें कि कक्षाओं की 200-200 सीटों पर प्रवेश के लिए यह परीक्षा हुई।
परीक्षा एडमिन किरण ने बताया कि देहात अंचल के जिन परिवारों की आय एक लाख से कम है, उनके बच्चों के लिए यह परीक्षा आयोजित करायी गई थी। परीक्षा नकलविहीन व शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को ऑनलाइन मुख्य परीक्षा देनी होगी। इसके बाद इंटरव्यू, भौतिक सत्यापन, मेडिकल के बाद ही छात्रों को प्रवेश मिलेगा।