पशुओं के अवशेष से बन रहा मुर्गी दाना
हापुड़। कोतवाली थाना क्षेत्र के बुलंदशहर रोड पर पुराने कमेले के पास एक गोदाम में पशु अवशेष से मुर्गीदाना बनाए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान पशु अवशेष भी मिले, गोदाम मालिक और उसके तीन पुत्रों को हिरासत में लिया गया है। अवशेष को जांच के लिए पशुपालन विभाग को सौंपा है, जिसकी रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।
बुलंदशहर रोड पर चोरी छिपे पशुओं का कटान हो रहा है, पुलिस को चकमा देकर अवैध कटान किया जा रहा है। सोमवार को मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि पशु अवशेष से मुर्गीदाना बनाया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि सूचना पर टीम के साथ गोदाम पर छापा मारा। गोदाम मालिक और उसके तीन पुत्रों को हिरासत में ले लिया है। पशु चिकित्सकों ने गोदाम से मिले अवशेषों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।