गांव असौड़ा के रास्ते में भरा गंदा पानी । संवाद
- फोटो : HAPUR
डीएम के गोद लिए गांव असौड़ा में गंदगी व जलभराव
हापुड़। जिलाधिकारी के गोद लिए गए गांव असौड़ा में सफाई अभियान की पोल खुल रही है। गांव में जगह-जगह गंदगी और जलभराव की समस्या से ग्रामीण परेशान है। गांव के रास्ते कीचड़ और नालियां गंदगी से अटी हुई हैं। गंदे पानी के जमावड़े के कारण चारों ओर दुर्गंध फैली हुई है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
गांवों में विकास कार्यों की गति तेज हो इसके लिए सभी अधिकारियों को एक-एक गांव गोद दिया गया ता। गांव असौड़ा को डीएम द्वारा गोद लिया गया था। इस पहल के बाद ग्रामीणों को लगा कि गांवों में सफाई, पेयजल की व्यवस्था, नाली व खड़जे का निर्माण, जल निकासी प्रबंधन आदि कार्य होंगे। लेकिन, ये दावे केवल हवाई साबित हुए। गांव गंदगी से अटा पड़ा है। जल निकासी की व्यवस्था सही न होने के कारण गांव की सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है।
गंदगी होने के कारण गांव में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जलभराव होने से सड़कें जर्जर हो चुकी है। जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बच्चे और महिलाएं गंदे पानी में गिरते रहते हैं। गांवों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। गांव में विभिन्न स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
डीपीआरओ विरेंद्र सिंह ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा जाएगा। गांव के लोगों को हो रही समस्याओं को जल्द से जल्द समाधान कराया जाएगा। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
गांव असौड़ा में स्थित नाले में भरा गंदा पानी । संवाद- फोटो : HAPUR