महिला दिवस पर जिले में 572 बेटियों की गूंजी किलकारी
हापुड़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिले के विभिन्न अस्पतालों में 572 बेटियों की किलकारी गूंजी। इस विशेष दिन पर पुत्री प्राप्ति से परिजन खुश थे। अस्पताल में मिठाइयां बांटी गई, किसी ने अपनी बेटी का नाम कल्पना तो किसी ने गीता रखा। इनमें 510 बच्चियां सामान्य प्रसव से पैदा हुईं।
बेटियों की तुलना में सिर्फ 356 बेटों ने ही जन्म लिया। गढ़ रोड सीएचसी में 12 बेटियां जन्मीं, सभी प्रसव सामान्य हुए। खुशी में सीएचसी अधीक्षक ने भी स्टाफ को मिठाई खिलाई। जिन बच्चियों का जन्मदिन इसी दिन पड़ रहा था, उन्हें भी जिला प्रशासन ने शुभकामनाएं भेजीं।
महिला दिवस पर जन्मीं बच्चियों के नाम उनके अभिभावकों ने वीरांगनों के नाम से ही रखने का निर्णय लिया। जिन अभिभावकों को खेल का क्षेत्र पसंद हैं, उन्होंने बेटियों के नाम गीता, मिताली रखने की बात कही। वहीं, कुछ परिजनों ने बच्चियों का नाम कल्पना चावला के नाम पर रखने का निर्णय लिया।
इस सप्ताह अधिक रही बेटियों की जन्म दर
तिथि लड़की लड़का
07 मार्च 480 420
06 मार्च 390 372
05 मार्च 510 530
04 मार्च 446 435
03 मार्च 392 420
मिठाई बांटकर जताई खुशी
अस्पताल में 12 बच्चियों ने जन्म लिया है, सभी के परिजनों में अपार खुशी थी। इसी खुशी में शामिल होकर, स्टाफ को मिठाई खिलाई। परिजनों ने भी मिठाइयां बांटी।--डॉ दिनेश खत्री, सीएचसी अधीक्षक।
महिला दिवस पर सरकारी हॉस्पिटल में पैदा हुई बच्ची को गोद में लेकर बैठी माँ संवाद- फोटो : HAPUR