हापुड़ जिले की तीनों विधानसभा सीटों के लिए आज मतगणना होगी। तीनों सीटों पर 35 प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा खुल जाएगा। गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी परिसर में सुबह 8 बजे से सीसीटीवी की निगरानी में मतगणना शुरू होगी और एक घंटे बाद से ही रुझान आने शुरू हो जाएंगे। सब कुछ ठीक रहा तो दो बजे तक तीनों विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित हो जाएंगे।
गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी परिसर में प्रत्येक विधानसभा के लिए 14-14 टेबल लगाई जाएगी। पोस्टल बैलेट की मतगणना के लिए 12 टेबल लगेंगे। जबकि चार टेबल स्क्रीनिंग के लिए लगाई जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार दस मार्च सुबह 5 बजे सबसे पहले रेंडामाइजेशन होगा। इसके बाद सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट पेपर की मतगणना होगी। जबकि सुबह 8.30 बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू होगी। मतगणना शुरू होने के एक घंटे बाद ही तीनों विधानसभा सीटों के रुझान आने शुरू हो जाएंगे। सबसे कम बूथ होने के कारण गढ़ विधानसभा का परिणाम सबसे पहले आएगा। लेकिन अधिकारियों की माने तो यह मतगणना में लगे कर्मचारियों की मतगणना की रफ्तार पर निर्भर करेगा। उम्मीद है कि दो बजे तक तीनों विधानसभाओं का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
प्रत्येक टेबल पर रहेगा एक एजेंट
मतगणना में कुल 91 राउंड होंगे, इसमें धौलाना में 32, हापुड़ में 30 और गढ़ में 29 राउंड में मतगणना होगी। इस दौरान प्रत्येक टेबल पर प्रत्येक प्रत्याशी का एक-एक एजेंट मौजूद रहेगा। जबकि प्रत्याशी आरओ टेबल पर मौजूद रहेगा। नवीन मंडी के गेट नंबर तीन से एजेंट व प्रत्याशियों की एंट्री रहेगी। बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित होगा। एजेंट या प्रत्याशी अपनी साथ मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे।
डिस्प्ले पर मिलेगी जानकारी
चुनाव परिणाम की स्थिति जानने के लिए मंडी परिसर में एक एलईडी लगाई जाएगी। मीडिया कवरेज के लिए मीडिया सेंटर स्थापित किया जाएगा।
मतगणना की तैयारी पूरी
सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दस मार्च सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। हर घंटे मतगणना के रुझानों की जानकारी को डिस्पले बोर्ड पर दिखाया जाएगा। निष्पक्ष रूप से मतगणना पूरी की जाएगी।-
अनुज सिंह डीएम।
तीन प्रेक्षक नियुक्त किए
हापुड़ में निर्वाचन आयोग के आदेश पर मतगणना के लिए जिले मेें तीनों विधानसभा सीटों के लिए प्रेक्षक और लायजन ऑफिसर तैनात कर दिए गए हैं।
एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन ने बताया कि निर्वाचन आयोग के आदेश पर विधानसभा क्षेत्र धौलाना में प्रेक्षक के रूप में अनिरुद्ध राहा, हापुड़ के लिए ए कुमार व गढ़ के लिए डॉ. रंजीत कुमार सिंह का तैनात किया गया है। वहीं इनके साथ लायजन ऑफिसर के रूप में धौलाना के लिए डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर संजीव पाठक, हापुड़ के लिए एआईजी स्टांप अरुण कुमार व गढ़ के लिए उप निबंधक प्रथम हापुड़ हिमांशु चंद्रा का तैनात किया गया है। मतगणना संबंधी शिकायत इन अधिकारियों से की जा सकती है।
मंडी में मतगणना स्थल पर निरीक्षण करने पहुंचे डीएम संवाद- फोटो : HAPUR
मंडी में मतगणना के लिये लिये लगाया गया टेंट संवाद- फोटो : HAPUR