सम्मान निधि में पंजीकरण पर वसूली, किसानों ने कृषि विभाग में की तालाबंदी
हापुड़। गांव इकलैड़ी से प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना में पंजीकरण कराने तहसील चौपला स्थित कृषि विभाग पहुंचे किसान से सुविधा शुल्क की मांग की गई। इसकी सूचना पर भाकियू के धौलाना तहसील अध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने विभाग में तालाबंदी कर हंगामा कर दिया। उप कृषि निदेशक द्वारा कर्मचारी के खिलाफ लिखित में कार्रवाई का आश्वासन देने पर किसान शांत हुए।
तहसील अध्यक्ष भवेंद्र सिसौदिया ने बताया कि किसान करण सिंह ने सुविधा शुल्क मांगे जाने की शिकायत उप कृषि निदेशक से की थी, जिसके बाद उसका रजिस्ट्रेशन हो सका था। लेकिन बाहर आने पर उक्त कर्मचारी ने करण सिंह के साथ काफी अभद्रता की, किसानों के साथ इस तरह का बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गुस्साए किसानों ने उप कृषि निदेशक कार्यालय पर तालाबंदी कर स्टाफ को बाहर निकाल दिया। डेढ़ घंटे तक किसान धरने पर डटे रहे, कामकाज भी प्रभावित हो गया। कुछ ही देर बाद उप कृषि निदेशक वीबी द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसान कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। उप कृषि निदेशक ने लिखित में कार्रवाई का आश्वासन दिया, इस पर किसान शांत हुए।
भवेंद्र सिसौदिया ने बताया कि किसी भी विभाग में किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा। किसान एक जुट हैं और अपना अधिकार लेकर ही दम लेंगे। इस मौके पर राजवीर सिंह, यशपाल सिंह, सतेंद्र चौधरी, करण सिंह आदि मौजूद रहे।
कृषि विभाग के कार्यालय पर हंगामा करते भाकियू कार्यकर्ता संवाद- फोटो : HAPUR