लंबी दूरी की ट्रेनें फुल, होली स्पेशल में आरक्षण का इंतजार
हापुड़। होली आने में मात्र 15 दिन ही शेष बचे हुए हैं। ऐसे में लंबी दूरी समेत पूर्वांचल जाने वाली सभी ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। लखनऊ, प्रयागराज, बनारस, गोरखपुर और बिहार कह ओर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। होली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा करने के लिए अभी तक रिजर्वेशन शुरू नहीं हो सके हैं। ऐसे में घर तक पहुंचने के लिए लोगों को परेशानियों का सामना पड़ सकता है।
त्योहार पर पूर्वांचल के लिए सबसे अधिक लोग ट्रेनों में यात्रा करते हैं। फिलहाल त्योहार से पहले अपने निजी जरूरी काम से जाने वाले लोगों को ट्रेनों में जगह नहीं मिल रही है। बिहार जाने वालों के लिए लंबी दूरी के कारण बसों में यात्रा करना बेहद मुश्किल होता है। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को कई जगह बसों को बदलना पड़ता है। वहीं, बसों में ट्रेनों की अपेक्षा किराया भी काफी महंगा है, इसके चलते यात्री ट्रेनों पर ही निर्भर रहते हैं। कई ट्रेनों में रेलवे अनारक्षित टिकट की सुविधा भी दे रहा है।
हालांकि, अनारक्षित बोगियों में भारी भीड़ के चलते सफर करना आसान नहीं है। ऐसे में अब त्योहार पर घर जाने के लिए लोग स्पेशल ट्रेन में रिजर्वेशन शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर केवल एक ही स्पेशल ट्रेन का ठहराव दिया गया है। इस ट्रेन का संचालन 11 मार्च से होना प्रस्तावित है।
स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह ने बताया कि ट्रेनों में लगातार बढ़ती वेटिंग लिस्ट को देखते हुए स्पेशल ट्रेन का ठहराव कराया गया है। इस ट्रेन में जल्द ही बुकिंग शुरू हो जाएगी। इसके बाद यात्रियों को आसानी से कंफर्म टिकट मिल सकेंगे।