एलएलबी की परीक्षा में नकल करते पकड़ी गई छात्रा
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर शनिवार को एलएलबी की परीक्षा में एक छात्रा नकल करते हुए पकड़ी गई। दोनों पालियों में 1012 छात्र उपस्थित हुए, जबकि 85 छात्र अनुपस्थित रहे।
प्रथम पाली में बाबूगढ़ स्थित एक कॉलेज की छात्रा एलएलबी की परीक्षा में मॉडल पेपर के कई पेज लेकर केंद्र में पहुंच गई। मुख्य नियंता डॉ. सुदर्शन त्यागी ने आंतरिक उड़न दस्ते के साथ कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रा पर शक होने पर तलाशी करायी गई, छात्रा के पास से मॉडल पेपर के तीन पेज मिले। इसकी सूचना यूनिवर्सिटी भेज दी गई है।
प्रथम पाली में विषम सेमेस्टर की परीक्षा में 696 छात्र पंजीकृत थे, इसमें 635 उपस्थित रहे, 61 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में प्रोफेशनल कोर्स की परीक्षा में 203 छात्रों में 187 उपस्थित रहे, 16 छात्र अनुपस्थित रहे। विषम सेमेस्टर की परीक्षा में 198 छात्रों में 190 उपस्थित रहे, 8 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
प्राचार्य डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि परीक्षा में नकल नहीं होने दी जाएगी। आंतरिक उड़न दस्तों के साथ वह खुद भी निगरानी कर रहे हैं। शांतिपूर्वक परीक्षाएं संपन्न करायी जाएंगी।