जलनिकासी नहीं होने से खेतों में भरा पानी, विरोध में प्रदर्शन
हापुड़। गांव दस्तोई के वाह्य छोर पर जल निकासी की सुविधा नहीं होने के कारण गांव का गंदा पानी खेतों में भर रहा है। इससे खेती करना मुश्किल हो गया है, गुस्साए किसानों ने प्रदर्शन कर, समस्या के निस्तारण की मांग की। राहत नहीं मिलने पर डीएम से शिकायत की बात कही।
प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि गांव से बनाया गया नाला आधा अधूरा छोड़ दिया गया है। तालाब तक पानी निकासी का कोई उपाय नहीं किया गया है। गंदा पानी उनके खेतों में घूस गया, जिसके चलते न तो खेतों में कोई फसल बोयी जा रही है और न ही खड़ी फसल की कटाई हो पा रही है।
ग्राम प्रधान से भी इस संबंध में शिकायत की, लेकिन कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हो सकी। कई बीघा खेती चौपट पड़ी है, प्रशासनिक अफसर भी अनदेखी कर रहे हैं। इसके विरोध में किसानों ने जोरदार प्रदर्शन कर, जल निकासी की सुविधा कराने की मांग उठाई। राहत नहीं मिलने पर डीएम से शिकायत की बात कही। प्रदर्शन करने वालों में प्रदीप कुमार, गुलाब सिंह, राजेंद्र सिंह, बबली, जितेंद्र, राजू आदि मौजूद रहे।