सुरक्षा के घेरे में मंडी पहुंची ईवीएम
हापुड़। पहले चरण के मतदान के बाद देर शाम को मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों ने गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी के स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा करा दी। मतदान केेंद्रों से सुरक्षा के घेरे में ईवीएम मंडी समिति तक पहुंची। अब 10 मार्च को ईवीएम में वोटों की गिनती कराई जाएगी। जिसके बाद विजेताओं की घोषणा की जाएगी। तब तक जिले में 35 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद रहेगा।
शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग पार्टियों ने पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में ईवीएम को सील किया और पुलिस बल के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी में मशीनों को जमा कराया गया। इस दौरान नवीन मंडी में डीएम सहित अन्य पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। देर रात तक कर्मचारी ईवीएम जमा करने में लगे रहे।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि नवीन मंडी में ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच रखवाया गया है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाये गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त सुरक्षा बल ईवीएम की निगरानी में लगाया गया है।