किसानों ने हंगामा कर फ्री कराया कुराना टोल
हापुड़। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के ब्लॉक अध्यक्ष सिंभावली मुनव्वर अली की कार को रोककर टोल वसूलने पर कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने कुराना टोल पर हंगामा किया। करीब आधा घंटे तक टोल को फ्री रखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाते हुए मामला शांत कराया।
तहसील अध्यक्ष धौलाना भवेंद्र सिसोदिया ने बताया कि उनके पदाधिकारी के साथ टोल कर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया। जिसकी सूचना पर वे कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि टोल कर्मी अक्सर किसानों और किसान नेताओं से अभद्र व्यवहार करते हैं और स्थानीय किसानों से भी जबरन टोल वसूला जाता है। जिसके कारण किसानों को मजबूरन आंदोलन करना पड़ता है। सूचना के पर पहुंचे हाफिजपुर थाना पुलिस ने किसानों को समझाकर मामले को शांत करा दिया। किसानों ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि किसी भी भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी या कार्यकर्ता को परेशान किया गया तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान सुमित तेवतिया, सचिन तेवतिया, सुधीर तेवतिया, प्रवेश चौधरी, पवन चौधरी, गौरव चौधरी, पवन कुमार, संदीप, जितेंद्र, सत्येंद्र, करण सिंह, हस्नु असलम, जुल्फीकार, जाहिद, गुलशेर, इसरार मौजूद रहे। सीओ डॉ तेजवीर सिंह का कहना है कि कुछ किसानों द्वारा टोल फ्री कराने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कुछ लोग फर्जी कार्ड बनवाकर करते हैं गुंडागर्दी
कुराना टोल मैनेजर इशाक खान ने बताया कि किसान यूनियन के पदाधिकारियों को टोल पर छूट दी जाती है, उन्हें किसी प्रकार से नहीं रोका जाता। लेकिन कुछ लोग फर्जी रूप से कार्ड बनवाकर गुंडागर्दी करते हैं। किसानों ने रविवार को एक बैरियर भी तोड़ दिया और टोल को नुकसान पहुंचाने का कार्य किया है।