27 मार्च को होगा श्री शिक्षा प्रसार समिति का चुनाव
हापुड़। एसएसवी पीजी कॉलेज की संचालन समिति श्री शिक्षा प्रसार समिति का चुनाव 27 मार्च को होगा। इस संबंध में शनिवार को कॉलेज में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक में निर्णय लिया गया। एसएसवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश कुमार को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। चुनाव अधिकारी जल्द ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेंगे।
श्री शिक्षा प्रसार समिति शहर के एसएसवी पीजी कॉलेज और इंटर कालेज का संचालन करती है। इस चुनाव में शहर की नामी हस्तियां भाग लेती हैं। समिति के मंत्री सुरेश चंद संपादक ने बताया कि त्रिवार्षिक कार्यकाल का इस वर्ष समापन हो रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि चुनाव का आयोजन 27 मार्च को कालेज प्रांगण में किया जाएगा। इसके लिए मुख्य चुनाव अधिकारी के रूप में एसएसवी डिग्री कालेज के प्राचार्य डॉ. सतीश कुमार व सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में एसएसवी इंटर कालेज के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार गर्ग को नियुक्त किया गया है। चुनाव अधिकारियों की ओर से जल्दी ही चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चुनाव में कुल 1120 वोटर हिस्सा लेंगे। इनके द्वारा आठ पदाधिकारियों व 40 कमेटी के सदस्यों को चुना जाएगा। बैठक में विजय कुमार गोयल, जगदीश प्रसाद, बिजेंद्र लोहे वाले, अमित अग्रवाल जोनी, सुभाष कुमार, सुशांत बंसल, आनंद प्रकाश आर्य, रतन घी वाले, अजय अग्रवाल पदाधिकारी मौजूद रहे।