सर्दी में बढ़ गया जोड़ों और हड्डियों का दर्द, चार गुना बढ़े मरीज
हापुड़। कड़ाके की सर्दी ने आर्थराइटिस से पीड़ितों की मुश्किल बढ़ा दी है। तापमान गिरते ही जोड़ अकड़ने लगे हैं और हड्डियों में दर्द शुरू होने लगा है। इससे चलने फिरने में दिक्कत के साथ ही कमर दर्द, अंगुलियों के जोड़ों में सूजन भी परेशान कर रही हैै। जिला अस्पताल, सीएचसी समेत अन् अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या चार गुना तक बढ़ गई है।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ आरडी शर्मा ने बताया कि इस महीने तापमान में लगातार गिरावट आने से गलन भरी सर्दी का असर रहता है। इसमें गठिया, चोट के पुराने मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। रोजाना ओपीडी में 25-30 मरीज आ रहे हैं, जिनके घुटने, कंधे, हाथों की अंगुलियों के जोड़ में सूजन से दर्द की परेशानी है। गठिया के पुराने मरीजों के जोड़ों में सूजन ऐसी है कि मरीज चल फिर नहीं पा रहा है। इनमें 50 साल से अधिक उम्र के मरीज अधिक हैं। ठंड के कारण हड्डियों में अकड़न से रक्तसंचार कम होने से परेशानी और बढ़ गई है। गठिया के मरीज जांच कराने के बाद बेहतर उपचार लें।
ये बरतें सावधानी-
* घुटनों की गर्म पानी से सिंकाई करें।
* गठिया मरीज जोड़ों में ज्यादा दर्द होने पर गर्म पट्टी लपेट सकते हैं।
* कुर्सी पर बैठकर 10-12 मिनट पैरों को ऊपर नीचे करें।
* बिस्तर पर लेटे हैं तो पैरों के नीचे तकिया लगाकर बार बार दबाएं।
* विस्तर से उठकर दो से पांच मिनट हाथ पैरों को गर्म करें।
* गठिया-बुजुर्ग मरीज इन दिनों सीढ़ियों पर चढ़ने से बचें।