आचार संहिता का सख्ती से कराया जाएगा पालन : डीएम
हापुड़। डीएम अनुज सिंह ने कहा कि जिले में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। जिले में चुनाव आयोग के आदेश पर 15 जनवरी तक सभी रोड शो जुलूस और पदयात्रा व रैलियों पर रोक लगा दी गई। इसके लिए आरओ व एआरओ की भी तैनाती कर दी गई।
देर शाम जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में डीएम ने बताया कि जनपद में कुल दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 5855 है, जिसमें धौलाना में 1883, हापुड़ में 1792 व गढ़ में 2180 है। दिव्यागों और 80 साल के 14200 मतदाओं के घर-घर जाकर मतदान कराने की व्यवस्था की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोविड गाइडलाइन का पूरा कराया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में एक रिटर्निंग आफिसर व तीन सहायक रिटर्निंग आफिसर आयोग द्वारा नियुक्त करने के आदेश दिए हैं। एसपी दीपक भूकर ने कहा कि जिले में शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक में एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन भी मौजूद रहीं।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आरओ-एआरओ नियुक्त
हापुड़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए उपजिलाधिकारी सदर दिग्विजय सिंह को रिटर्निंग आफिसर, तहसीलदार हापुड़ जयप्रकाश, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता विकास नेहरा और जिला विकास अधिकारी संजय कुमार को सहायक रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किया गया है। धौलाना विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए उपजिलाधिकारी सुनीता सिंह को रिटर्निंग आफिसर, जबकि तहसीलदार धौलाना प्रवीण कुमार, जिला गन्ना अधिकारी निधि गुप्ता और खंड विकास अधिकारी धौलाना सतेंद्र सिंह को सहायक रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किया गया है। वहीं गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए उपजिलाधिकारी गढ़मुक्तेश्वर अरविंद कुमार द्विवेदी को रिटर्निंग आफिसर, तहसीलदार गढ़ विवेक भदौरिया, तहसीलदार न्यायिक सुदीप तिवारी और खंड विकास अधिकारी सिंभावली अभिमन्यु सेठ को सहायक रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किया गया है। संवाद