अब बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगा किसान सम्मान
हापुड़। किसान सम्मान योजना के अंतर्गत वर्ष 2022-23 में आयोजित होने वाले किसान सम्मान दिवस में सिर्फ ऐसे किसानों का चयन होगा, जिन्होंने रबी या खरीफ सीजन में अपने रजिस्ट्रेशन कराया है। इन्हीं किसानों की क्रॉप कटिंग के परिणामों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ किसानों की सूची तैयार होगी। 31 दिसंबर रजिस्ट्रेशन कराने की अंतिम तिथि है।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर हर साल 23 दिसंबर को किसान सम्मान दिवस मनाया जाता है। इस दिवस में किसानों के चयन को लेकर सामान्य किसान सवाल उठाते रहते हैं। क्योंकि कृषि विभाग उनसे संपर्क करता ही नहीं है। इसका बड़ा कारण यह है कि खरीप या रबी सीजन में पंजीकरण कराने वाले किसानों को ही योजना में शामिल किया जाता है।
वर्तमान में रबी की फसलों में सरसों, गेहूं का समय चल रहा है, इन फसलों की बुवाई करने वाले किसान 10 रुपये के शुल्क के साथ पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के आधार पर कृषि विभाग द्वारा उनकी फसलों की क्रॉप कटिंग कराई जाएगी। इसके जरिए उत्पादन की रिपोर्ट तैयार होगी। रिपोर्ट के आधार पर ही ऐसे किसानों की सूची बनेगी जो प्रथम या द्वितीय हैं। बता दें कि सम्मान दिवस में प्रथम आने वाले किसानों को सात हजार और द्वितीय स्थान पाने वालों को पुरस्कार में पांच हजार रुपये की राशि दी जाती है।
इस बार 100 किसानों ने ही कराया रजिस्ट्रेशन
इस साल सम्मानित हुए किसानों की बात करें तो विजेताओं का चयन सिर्फ 100 किसानों में से हुआ। क्योंकि पूरे जिले से कृषि विभाग के अधीन आने वाले 100 किसानों ने ही रजिस्ट्रेशन कराया हुआ था।
31 तक करें पंजीकरण
किसान रबी सीजन के लिए 31 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन पत्र शुल्क सहित ग्राम स्तर पर कृषि विभाग के कर्मचारी प्राविधिक सहायक को उपलब्ध करा सकते हैं या उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी के कार्यालय में जमा कराया जा सकता है। -- डॉ.वीबी द्विवेदी, उप कृषि निदेशक।