रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर जांच नहीं, संक्रमण फैलने का खतरा
ापुड़। कोरोना का नया स्वरूप मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट होने का दावा तो कर रहा है लेकिन ये दावे कागजी साबित हो रहे हैं। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा समेत अन्य राज्यों और जनपदों से आने वाले लोगों की जांच के लिए रोडवेज व रेलवे स्टेशन पर निगरानी टीमों को सतर्क किया गया था लेकिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई है। शासन के निर्देश के बाद भी जिले के सार्वजनिक स्थानों पर विभाग द्वारा जांच शिविर नहीं लगाए जा रहे हैं। जिसके कारण लोग निजी वाहनों समेत बसों और ट्रेनों से सफर कर जिले में पहुंच रहे हैं।
पड़ोसी राज्य दिल्ली में कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन का एक मरीज मिल चुका है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लापरवाह दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार को नगर के रोडवेज बस अड्डा और रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर लोग बेझिझक आते-जाते दिखाई दिए। किसी भी स्थान पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड जांच शिविर नहीं लगाया गया है। इसके अलावा बाजारों में भी स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा जांच नहीं की जा रही है। वहीं सरकारी कार्यालयों से भी कोविड हेल्प डेस्क को हटा दिया गया है।
कोविड हेल्पडेस्क भी गायब
मंगलवार को बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और नगर कोतवाली में कोरोना से बचाव की तैयारी की पड़ताल की गई। रोडवेज बस अड्डे पर यात्री बिना मास्क और सामाजिक दूरी के बैठे हुए थे। रेलवे स्टेशन से कोविड जांच शिविर को हटा दिया गया है। लोग वहां पर बिना रोकटोक के बिना मास्क के आ जा रहे थे। नगर कोतवाली से कोविड हेल्प डेस्क हट चुकी है। वहां पर केवल कोविड हेल्प डेस्क का पोस्टर ही चिपका हुआ है।
बसों में कोरोना गाइडलाइन की उड़ रही धज्जियां
बसों में बैठे यात्री कोरोना की गाइडलाइनों की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। यात्री बस में बिना सामाजिक दूरी और बिना मास्क के यात्रा कर रहे हैं। संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान तक नहीं दे रहे हैं। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है।
स्टेशन पर पूछताछ तक नहीं
रेलवे स्टेशन पर दोपहर के समय लोग बिना किसी कार्य के धूमते रहते हैं। बिना मास्क लगाए वह एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर बिना रोकटोक के आते जाते रहते हैं। आरपीएफ और जीआरपी द्वारा बिना मास्क के घूमने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई तो दूर उनके पूछताछ तक नहीं कर रहे हैं।
पिछले छह दिनों में हुई कोरोना जांच की संख्या
एक दिसंबर 1251
दो दिसंबर 1156
तीन दिसंबर 1329
चार दिसंबर 1103
पांच दिसंबर 610
छह दिसंबर 965
बढ़ाई जा रहीं जांच
कोरोना के नए स्वरूप को लेकर स्वास्थ्य विभाग अर्लट है। लगातार लोगों की जांच की संख्या को बढ़ाया जा रहा है। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा समेत अन्य राज्यों से आने वाले लोगों की जांच कराने की व्यवस्था को जल्द शुरू कराया जाएगा। स्कूल, कॉलेज और विदेश से आने वाले लोगों की जांच कराई जा रही है। - डॉ. रेखा शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी