ठंड में बाजार जाती युवतियां। संवाद
- फोटो : HAPUR
बूंदाबांदी से गिरा जिले में प्रदूषण का स्तर
हापुड़। दो दिन की हल्की बूंदाबांदी के बाद जिले में फिलहाल प्रदूषण का स्तर नीचे गिरा है। साढ़े तीन सौ से ऊपर चल रहा एक्यूआई तीन सौ से नीचे पहुंचने से कुछ राहत मिली है। मगर लगातार बरकरार धुंध से यह राहत अधिक दिनों तक नहीं रहेगी। विशेषज्ञों के कारण एक दो दिन की राहत के बाद एक बार फिर प्रदूषण बढ़ेगा।
दिवाली के बाद से वातावरण की सेहत काफी खराब है। हवा में प्रदूषण के कण होने के कारण यह स्थिति लोगों की सेहत पर भी भारी पड़ रही है। आसमान में छायी धुंध के कारण लोगों की आंखों में जलन हो रही थी। ऐसे में बृहस्पतिवार व शुक्रवार को हल्की बूंदाबांदी के बाद वातावरण से प्रदूषण का स्तर कम होना शुरू हो गया, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। बुधवार को एक्यूआई करीब 400 के आसपास पहुंच गया था, लेकिन बूंदाबांदी बाद प्रदूषण के घटने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार शाम के समय जिले का एक्यूआई 296 दर्ज किया गया। हालांकि धुंध अभी भी बनी हुई है।
---
फिलहाल राहत की उम्मीद कम -
पिछले दो दिन से बूंदाबांदी के बीच भले ही प्रदूषण का स्तर कम हो गया हो, लेकिन इससे स्थायी राहत की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। मौसम विशेषज्ञ हंसराज सिंह ने बताया कि मौसम में धुंध अभी भी बरकरार है और तेज बारिश होने की उम्मीद कम ही है। ऐसे में आने वाले एक दो दिनों में प्रदूषण की स्थिति पहले जैसी रहेगी।
-
प्रदूषण विभाग के स्टेशन इंचार्ज सलमान राणा ने बताया कि बूंदाबांदी से वातावरण में कुछ राहत दर्ज की गई है। लोग प्रदूषण की रोकथाम के लिए जागरूक रहें। नियमों का पालन करें और अपने आसपास के क्षेत्रों में पेड़ों और भूमि पर छिड़काव जरूर करें।