शहर में जगह-जगह जल रहा कूड़ा, 335 पहुंचा एक्यूआई
हापुड़। शहर में जगह-जगह जल रहा कूड़ा आबोहवा को प्रदूषित कर रहा है। वहीं सड़कों पर उड़ती धूल भी लोगों की सेहत खराब कर रही है। ऐसे में नगर पालिका द्वारा न तो सड़कों पर छिड़काव किया जा रहा है और न ही कूड़ा जलाने पर कोई रोक लगाई जा रही है। बुधवार असौड़ा रोड, मेरठ रोड, रामपुर रोड पर कूड़े में आग जलती मिली। जिले का एक्यूआई भी बढ़कर 335 पहुंच गया है।
दो दिन से चल रही तेज हवा ने प्रदूषण का स्तर कम कर दिया था। जिसके चलते जिले का एक्यूआई 215 तक पहुंच गया था। लेकिन बुधवार को जिले में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। इसका प्रमुख कारण शहर में जगह-जगह जल रहा कूड़ा और सड़कों पर उड़ती धूल
है। पिछले करीब एक महीने में अभी तक नगर पालिकाओं ने कूड़ा जलाने के मामले में किसी पर कार्रवाई नहीं की है। अफसरों को प्रतिदिन शिकायत मिलने पर संबंधित स्थान की जांच करना तक उचित नहीं समझा। हालांकि प्रदूषण विभाग की ओर से पिछले दस दिनों में कार्रवाई जरूर की गई है। लेकिन यह कार्रवाई बड़ी फैक्टरियों तक सीमित है।
सांस के मरीजों की बढ़ी संख्या
डॉ जीवोत्तम नारंग ने बताया कि प्रदूषण के बढ़ते स्तर के कारण हालात लगातार खराब हो रहे हैं। मौसम में बदलाव के कारण एलर्जी, अस्थमा, सीओपीडी और शुगर के मरीजों को दिक्कत होती है। सांस की नली में धूल, धुएं के कण जाने के बाद संबंधित व्यक्ति को परेशानी होती है। एलर्जी व अस्थमा के मरीजों को डस्ट से बचने के लिए मास्क लगाना चाहिए।
लगातार हो रही कार्रवाई
क्षेत्र में ग्रेप के नियमों का उल्लंघन न हो, इसके लिए टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। जांच के बाद कई बड़ी कार्रवाई भी की गई हैं, कूड़ा जलाने पर भी कार्रवाई की जाएगी। - उत्सव शर्मा, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी
नगर पालिका करेगी कार्रवाई
क्षेत्र में कूड़ा न जलाए इसके लिए सफाई कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई है। अपने क्षेत्रों में सफाई कर्मचारी जांच करेंगे वहीं लोगों को भी जागरूक करेंगे। जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। -प्रफुल्ल सारस्वत , चेयरमैन, नगर पालिका हापुड़
स्मॉग से हो रही परेशानी --
- आंखों में जलन, सूजन और पलकों में इंफेक्शन बढ़ रहा है
- स्किन एलर्जी, जलन और खुजली जैसी शिकायत हो रही है
- हाई ब्लडप्रेशर, हृदय रोगियों के साथ स्वांस रोगियों को भी दिक्कतें हो रही हैं
असौड़ा रोड पर कूड़े में लगी आग- फोटो : HAPUR