जिले में फिर सक्रिय हुआ कोरोना, पर जांच के दो केंद्र बंद
हापुड़। जिले में तीन महीने बाद फिर से कोरोना सक्रिय हुआ है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने जांच का दायरा कम करते हुए शहर के दो मुख्य जांच केंद्र बंद कर दिए हैं। वहीं रेंडम जांच के लिए कोई अभियान भी नहीं चलाया जा रहा है। दिवाली, गढ़ मेले के बाद कोरोना की संभावना बढ़ गई है। हाल ही में कोरोना का नया मरीज मिलने से टीमें फिर से अलर्ट की गई हैं, लेकिन टेक्नीशियनों की कमी जांच में रोड़ा बन सकती हैं।
जिले में दो अप्रैल 2020 को कोरोना का पहला मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से महामारी बढ़ती चली गई, आउटसोर्सिंग से करीब 22 लैब टेक्नीशियनों को रखा गया था। जिनका समय पूरा होने पर अक्तूबर महीने में ही उन्हें वापस भेज दिया गया। स्टाफ की कमी के चलते जांच के दो मुख्य केंद्र बंद कर दिए गए हैं। शहर में अब सिर्फ गढ़ रोड सीएचसी और जिला अस्पताल पर ही जांच की जा रही हैं।
अब 800 लोगों की रोज हो रही जांच
कोरोना महामारी के दौरान जिले में दो हजार लोगों की रोज जांच की जाती थी। लेकिन इन दिनों जांच की संख्या घटकर 800 तक ही रह गई है। इसमें भी जांच सिर्फ वहीं लोग कराने पहुंच रहे हैं, जिन्हें इसकी सख्त जरूरत है, या तो वह किसी चिकित्सक के यहां ऑपरेशन आदि के लिए जा रहे हैं या फिर जिले से बाहर कहीं घूमने या नौकरी आदि पर जा रहे हैं।
डायट परिसर और कोठीगेट के मुख्य केंद्र बंद
डायट परिसर में कोविड जांच के लिए ही एक बड़ा केंद्र बनवाया गया था। इसमें प्रतिदिन 200-300 लोगों की जांच होती थी। जिसे अब बंद कर दिया गया है, साथ ही कोठीगेट पर भी दो जगह जांच होती थी। इसमें इन दिनों एक भी जगह जांच नहीं हो रही है।
अब इन स्थानों पर हो रही जांच-
गढ़ रोड सीएचसी, जिला अस्पताल, पिलखुवा सीएचसी, गढ़ सीएचसी, सिंभावली सीएचसी पर जांच होने का दावा किया जा रहा है।
जिले में कोरोना जांच की स्थिति
तिथि जांच
22 नवंबर 826
21 नवंबर 464
20 नवंबर 687
19 नवंबर 915
जिले में अब तक जांच और कोरोना की स्थिति-
कुल जांच-------798477
कुल मरीज------12313
स्वस्थ मरीज-----12096
एक्टिव मरीज-----01
कुल मृत्यु-------216
समस्या होने पर कराएं कोरोना की जांच-
सांस लेने में समस्या, खांसी आदि होने पर कोरोना की जांच अवश्य कराएं। गढ़ रोड सीएचसी, जिला अस्पताल में जांच की बेहतर व्यवस्था है, अब आरटीपीसीआर लैब भी शुरू हो जाएगी। जांच संबंधी समस्या से परेशान नहीं होने दिया जाएगा।--डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।