फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध कटान करने वालों ने चौकी प्रभारी को घेरकर पीटा

विज्ञापन
विज्ञापन
अवैध कटान करने वालों ने चौकी प्रभारी को घेर के पीटा
विज्ञापन

हापुड़। अवैध पशु कटान की सूचना पर एक मकान पर मंगलवार सुबह छापा मारने पहुंची पुलिस पर आरोपियों ने हमला बोल दिया। सिकंदरगेट चौकी प्रभारी को घेरकर जमकर पीटा। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। अन्य पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे भागकर जान बचाई। मामले में 12 नामजद सहित करीब 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मंगलवार सुबह डायल 112 से सूचना मिली थी कि मोहल्ला मोती कालोनी स्थित सईद के मकान में कुछ लोग पशुओं का अवैध कटान कर रहे हैं। इसके बाद टीम के साथ सिकंदरगेट चौकी प्रभारी ने मकान में छापा मार दिया। पशु कटान कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया। एक अन्य बुजुर्ग को भी पुलिस हिरासत ले रही थी, तभी वह जमीन पर गिर गए। इससे आसपास के लोग आक्रोशित हो गए और एकत्रित होकर पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। कुछ लोगों ने पथराव भी किया। इसके बाद पुलिसकर्मी जान बचाकर भागने लगे, लेकिन लोगों ने सिकंदरगेट चौकी प्रभारी हेम सिंह सैनी को घेर लिया। उनके साथ जमकर मारपीट की। सिर पर एक पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने दरोगा को बचाया। इसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन

हमले की सूचना पर सीओ वैभव पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमबीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस को मौके पर एक भैंस भी मिली है, जिसके पैर बांधकर काटने की तैयारी की जा रही थी। मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मोहल्ले वाले बोले पुलिस ही दे रही अवैध धंधे को संरक्षण
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि लंबे समय से अवैध कटान चल रहा है। पुलिस ने ही संरक्षण दे रखा है। अवैध कटान के लिए महीना बंधा हुआ है। रकम बढ़ाने के लिए पुलिस दबाव बना रही है। मंगलवार को घर में पहुंचकर पुलिस ने तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। इसी से गुस्साए आरोपियों ने पुलिस पर हमला किया। हालांकि पुलिस इन आरोपों को नकार रही है।
खंगाली जा रही सीसीटीवी फुटेज
सीओ वैभव पांडेय का कहना है कि दरोगा के साथ हाथापाई हुई थी, मारपीट नहीं हुई। दरोगा पथराव में घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में मोती कालोनी निवासी नाजिम, इकबाल व सलमान को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनाम, आसिफ, नाजिम, कदीम, कासिम, सईद, नासिर मोटा, महबूब, इकबाल व सलमान और 30 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

अधिकारियों ने जाना दारोगा का हाल
एसपी दीपक भूकर, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी वैभव पांडेय ने अस्पताल पहुंचकर दरोगा का हाल जाना। एसपी ने बताया कि दारोगा के सिर में गंभीर चोट लगी है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें