रजवाहे के पास मिला किसान का शव, हत्या का आरोप
पिलखुवा। गांव मदापुर में सोमवार सुबह सुबह रजवाहे के पास किसान का शव मिला। परिजनों ने गांव के ही व्यक्ति पर उधार लिए पांच लाख रुपये देने से बचने के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
मदापुर गांव निवासी 62 वर्षीय शेर मोहम्मद परिवार से अलग खेत पर झोपड़ी डालकर रहता था। रविवार रात भी सोने के लिए घर से झोपड़ी पर गया था। सोमवार की सुबह शौच के लिए खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शेर मोहम्मद का शव गांव से भोवापुर रिलायंस रोड को जाने वाले रास्ते पर रजवाहे के पास पड़ा देखा। उन्हाेंने तत्काल इसकी सूचना मृतक के परिजनों और ग्रामीणों को दी। इस पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। सीओ पिलखुवा डा. तेजवीर सिंह का कहना है कि मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेंगे। मृतक के बेटे नौशाद ने गांव निवासी कई लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
युवक की हत्या में मिली थी उम्रकैद
शेर मोहम्मद के बेटे नौशाद ने बताया कि वर्ष 2007 में गांव निवासी इरशाद की हत्या हो गई थी। इसमें उसके पिता शेर मोहम्मद और बड़ा भाई इमरान नामजद हुए थे। न्यायालय ने दोनों को हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इमरान जेल में बंद है, और उच्च न्यायालय से शेर मोहम्मद जमानत पर रिहा होकर करीब सात सात वर्ष पहले आया था। नौशाद ने बताया कि गांव निवासी एक व्यक्ति पर उसके मृतक पिता के पांच लाख रुपये थे। आरोप है कि पांच लाख रुपये देने से बचने के लिए उसी व्यक्ति ने गला दबाकर पिता की हत्या की है।