जाकिर कॉलोनी में एक ही रात में तीन जगह चोरी
धौलाना। गांव पिपलैड़ा की जाकिर कॉलोनी में बेखौफ चोरों ने बीती रात तीन स्थानों पर चोरी की वारदात कर लाखों रुपये का सामान साफ कर दिया। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
गांव पिपलैड़ा में पेट्रोल पंप के सामने जाकिर कॉलोनी के मुख्य मार्ग स्थित गांव निवासी मोहम्मद नईम ने बताया कि अज्ञात चोरों ने पहले उनके साइबर कैफे में ताला तोड़कर नगदी, इंवर्टर, बैटरी, सीपीयू व महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी किए। फिर कैफे के समीप मकान में घुसकर ताला तोड़ सोने और चांदी के आभूषण, बेटी की शादी के लिए रखे कपड़े, बैनामा की रजिस्ट्री लिए। चोरों ने कॉलोनी में ही एक बाइक भी चोरी कर ली। तीनों चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने पर पुलिस को फुटेज सौंपी गई हैं।
पीड़ित मोहम्मद नीम ने बताया कि पहले भी कॉलोनी में चोरी हुई, लेकिन पुलिस ने आज तक घटनाओं का खुलासा नहीं किया है। बेटी की शादी के लिए जुटाए गए लाखों रुपये के सोने और चांदी के गहने और कपड़ों के अलावा कैफे में रखे 20 हजार रुपये, इंवर्टर, बैटरी, सीपीयू व महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरों ने चोरी कर लिए। सभी चोरों ने नकाब पहना हुआ था। सीसीटीवी कैमरे में चोर एक रिक्शा में चोरी का सामान ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कॉलोनी से एक बाइक भी चोरी की है। चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है।
सीओ तेजवीर सिंह ने बताया सीसीटीवी फुटेज निकलवाई है और चोरी का खुलासा करने के लिए टीम गठित कर दिशानिर्देश दिए गए हैं। जल्दी चोरी का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।