दीवाली पर हर पांच मिनट में मिलेगी रोडवेज बस
हापुड़। दीवाली को लेकर हापुड़ डिपो की रोडवेज बसों का संचालन हर पांच मिनट में विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा। यात्रियों को सफर में परेशानी न हो, इसके लिए अफसरों ने बसों के 40 फीसदी ट्रिप भी बढ़ा दिए हैं। जल्द ही प्रोत्साहन योजना लागू होगी, लगातार ड्यूटी करने वाले कर्मियों को अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा। वहीं, त्योहार के दौरान कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी।
दीवाली पर घर जाने के लिए लोगों की भीड़ लग जाती है। बसों की किल्लत से कई बार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए रोडवेज के अफसरों ने तैयारी पूरी कर ली है। बसों के बेहतर संचालन के लिए डिपो की 106 बसें विभिन्न मार्गों पर फर्राटा भरेंगी। यात्रियों की सहूलियत के लिए इन बसों के ट्रिप में 40 फीसदी बढ़ोतरी की गई है। प्रोत्साहन योजना में लगातार 10 दिन ड्यूटी करने वाले चालक/परिचालकों को अतिरिक्त पैसा दिया जाएगा। एआरएम संदीप नायक का कहना है कि यात्रियों को दीपावली पर परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बसों का बेहतर संचालन किया जाएगा। कर्मचारियों को भी निर्देशित कर दिया गया है।
काउंटर से पता चलेगी बस की लोकेशन
त्योहारों पर बस की लोकेशन जानने के लिए यात्रियों को परेशानी नहीं होगी। काउंटर से इसका पता लगाया जा सकेगा। समस्त बसें जीपीएस से लैस होंगी। ऐसे में एक क्लिक पर बस की लोकेशन को देखा जा सकेगा।
-लोकल मार्गों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
हापुड़ से मोदीनगर, किठोर रोड पर सफर करने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। त्योहार पर भी इन मार्गों पर बसों की किल्लत से परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।