कार्तिक मेले की मिली स्वीकृति, तैयारियों को लेकर बैठक आज
हापुड़। कोरोना संक्रमण के कारण पिछले दो वर्षों से स्थगित ऐतिहासिक गढ़ गंगा कार्तिक मेला इस बार आयोजित होगा। अधिकारियों को शासन की तरफ से मौखिक अनुमति मिल चुकी है। जिसके बाद से जिले में अधिकारियों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को इस संबंध में कलक्ट्रेट में अधिकारियों की अहम बैठक होगी। बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मेले के आयोजन और दीपदान की अनुमति मांगी थी।
जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर ने भी हाल ही में लखनऊ में आयोजित एक बैठक में मुख्यमंत्री योगी से मिली थी और उन्होंने पत्र देकर कार्तिक मेले का आयोजन कराने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि मेले का आयोजन न होने से पिछले दो वर्षों से लोग महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान नहीं कर सके हैं। ऐसे में इस बार मेले के आयोजन की अनुमति दी जाए। शासन की ओर से काफी मंथन के बाद कार्तिक मेले के आयोजन को हरी झंडी मिल गई है। जल्दी ही इसका शासनादेश भी जारी कर दिया जाएगा। जिसके बाद बुधवार को कलक्ट्रेट में इस संबंध में अधिकारियों की बैठक होगी।
---
कार्तिक मेले के लिए शासन से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश नहीं मिले हैं, हालांकि इस बार मेले के आयोजन के संकेत मिले हैं।-श्रद्धा शांडिल्यायन, एडीएम, हापुड़।
---
शासन से मेले के आयोजन के लिए मौखिक आदेश प्राप्त हो चुके हैं, शासनादेश भी एक दो दिन में जारी हो जाएगा। मैने इस संबंध में खुद मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया है। - रेखा नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष, हापुड़।