किशोरी को बंधक बना दुष्कर्म करने का आरोप
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने एक रेलवे कर्मचारी समेत दो युवकों पर उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रेलवे कर्मचारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जबकि दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री की मोहल्ले के ही एक युवक से दोस्ती थी। जबकि युवक की रेलवे कर्मचारी से दोस्ती है। आरोप है कि मंगलवार को युवक उसकी पुत्री को धोखे से रेलवे स्टेशन के निकट खाली पड़े मकान में ले गया, जहां रेलवे कर्मचारी भी मौजूद था। आरोपियों ने किशोरी को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मुंह खोलने पर हत्या की धमकी दी। पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और मामले की जानकारी परिजनों को दी। पुत्री को साथ लेकर पीड़िता कोतवाली पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ सिटी वैभव पांडेय ने बताया कि नाबालिग व उसकी मां के बयानों में भिन्नता है। हालांकि पूछताछ के लिए रेलवे कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है। प्रथम दृष्टया मामला छेड़छाड़ का प्रतीत हो रहा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।