पालिका ने 65 डेयरी संचालकों को जारी किए नोटिस
हापुड़। नगर पालिका परिषद हापुड़ ने आबादी में संचालित 65 डेयरी संचालकों को नोटिस भेजकर इन्हें शहर से बाहर शिफ्ट करने के आदेश दिए हैं। नोटिस का जवाब न मिलने पर पालिका द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
शहर में आबादी के बीच में सैकड़ों डेयरियां संचालित हैं। एनजीटी के नियमानुसार शहर में डेयरियों के संचालन पर रोक है। नगर निकायों को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। विगत दो वर्षों में 120 डेयरी संचालकों पर पालिका द्वारा 20-20 हजार का जुर्माना भी लगाया जा चुका है। जबकि 69 डेयरी संचालकों का वाद न्यायालय में चल रहा है। उसके बाद भी शहर में डेयरियों का संचालन बंद नहीं हुआ है। इनके संचालन से शहर में गदंगी रहती है। नालियों में गोबर बहा दिया जाता है, जिससे जलनिकासी नहीं होती। बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बन जाती है वहीं संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा रहता है। इस संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा भी शिकायत की गई थी जिसके बाद नगर पालिका ने अब 65 डेयरी संचालकों को नोटिस भेजकर शहर से बाहर डेयरी शिफ्ट करने के आदेश दिए हैं।
नगर पालिका ईओ एसके गौतम का कहना है कि आबादी में संचालित 65 डेयरियों को नोटिस भेजे गए हैं। उनको सख्त हिदायत दी गई है कि डेयरी को शहर से बाहर शिफ्ट करें। अगर एनजीटी के नियमों की अवहेलना होती है तो उनके खिलाफ न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा। संवाद