मां और दो बेटियों की ट्रेन से कटकर मौत
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर हाल्ट के पास बुधवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से पिलखुवा के गांव कस्तला कासमाबाद निवासी महिला व उसकी दो पुत्रियों की मौत हो गई।
पिलखुवा क्षेत्र के गांव कस्तला कासमाबाद निवासी राकेश मजदूरी करता है। बुधवार सुबह उसकी पत्नी सुमन (35) अपनी पुत्री हिमांशी(04) व इशिका (आठ माह) के साथ रिश्तेदारी में दिल्ली जाने के लिए घर से निकली थी। महिला अपनी दोनों बच्चियों के साथ निजामपुर रेलवे हाल्ट पर पहुंचकर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। बताया जाता है कि चढ़ते समय ट्रेन चलने लगी और महिला का पैर फिसल गया। महिला ने एक बच्ची का हाथ पकड़ रखा था और एक को गोद में लिया हुआ था। इस कारण महिला व उसकी दोनों पुत्रियां ट्रेन की चपेट में आ गई और मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस व जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह मृतकों की शिनाख्त कर परिजनों को मामले की सूचना दी। मौत की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन मौतों से गांव के शोक की लहर है। बुधवार शाम को शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि आशंका है कि ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से तीनों की मौत हुई है। परिजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई से इनकार किया है।